आंध्र प्रदेश के अनकापल्ली जिले में एक आतिशबाजी निर्माण संयंत्र में विस्फोट होने से कम से कम छह श्रमिकों की मौत हो गई।
आंध्र प्रदेश के अनकापल्ली जिले में रविवार को एक आतिशबाजी निर्माण संयंत्र में विस्फोट होने से कम से कम आठ श्रमिकों की मौत हो गई। आग दोपहर करीब 12:45 बजे लगी और अधिकारी फिलहाल शवों को निकालने और घायलों को अस्पताल पहुंचाने पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि सभी घायलों को अस्पताल ले जाया गया है और उनका इलाज किया जा रहा है। गृह मंत्री वी अनिता ने पीटीआई को बताया, “आग दुर्घटना में दो महिलाओं सहित आठ लोगों की मौत हो गई और सात अन्य घायल हो गए।”
उन्होंने बताया कि घायलों को यहां के अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है। विस्तृत जानकारी का इंतजार है। एक अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री ने अनिता और जिला अधिकारियों को घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के प्रमुख वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने अनकापल्ली जिले में एक पटाखा निर्माण इकाई में हुई दुखद आग दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है, जिसमें आठ लोगों की मौत हो गई। उन्होंने राज्य सरकार से पीड़ितों और उनके परिवारों को पूर्ण सहायता देने का भी आग्रह किया है।
इस त्रासदी के बारे में जानने के बाद जगन ने पार्टी नेताओं को दुर्घटना स्थल का दौरा करने और पीड़ितों तथा उनके परिवारों को सभी आवश्यक सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया।
इस महीने की शुरुआत में गुजरात के बनासकांठा जिले में भी ऐसी ही घटना हुई थी, जहां अधिकारियों के अनुसार एक पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट के बाद आग लग गई और इमारत के कुछ हिस्से ढह गए, जिससे सात लोगों की मौत हो गई। यह घटना डीसा कस्बे के पास स्थित इकाई में घटित हुई।
डीसा की उपमंडल मजिस्ट्रेट नेहा पांचाल ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार औद्योगिक क्षेत्र में स्थित फैक्ट्री में विस्फोट के कारण आग लग गई और इमारत के कुछ हिस्से ढह गए, जिससे कई लोग मलबे में फंस गए।
यह भी पढे: नेशनल हेराल्ड मामला: ईडी ने सोनिया, राहुल गांधी से जुड़ी संपत्तियों पर कब्ज़ा करना शुरू किया